सामाजिक सौहार्द का संदेश, शहरवासियों को दी शुभकामनाएं डेगाना में होली स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित
06 Mar 2026

सामाजिक सौहार्द का संदेश, शहरवासियों को दी शुभकामनाएं

डेगाना. 

शहर के ग्रीन हाउस में पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष राधाकिशन बिंदा की अध्यक्षता में होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित हुआ। समारोह में शहर के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों- कर्मचारियों, नागरिकों, समाजसेवियों, युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत गुलाल-अभिवादन के साथ हुई। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राधाकिशन बिंदा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मनमुटाव मिटाकर रिश्तों में नई मिठास घोलने का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

समारोह में वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग और नगर विकास के लिए मिलकर कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। पारंपरिक गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने माहौल को पूरी तरह होलीमय बना दिया। उपस्थित जनों ने शहर में शांति, सद्भाव और निरंतर विकास की कामना की। मिठाईयां वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समारोह में आयुक्त मकराना-ब्यावर श्रवणराम चौधरी, रामचंद्र बिंदा, देवकरण बिंदा, पूर्व पार्षद जितेंद्र दाधीच, भंवरसिंह झगड़वास, नरसीराम कटारिया, पर्वतसिंह हाड़ा, मनमोहन गिलड़ा, यूनुस खान, रामचंद्र डूडी, पवन बिंदा, कन्हैयालाल स्वर्णकार, गिरवरसिंह सिंरसू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।