डेगाना.
सुप्रसिद्ध कथा वाचिका एवं संत अल्काश्री ने डेगाना प्रवास के दौरान चांदारुण स्थित श्रीकृष्ण करणी गौशाला का अवलोकन किया। गौशाला परिसर में पहुंचने पर उनका पुष्पहार व दुपट्टा पहंनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।
अल्काश्री इन दिनों श्याम भक्तों के आह्वान पर श्याम बाबा मंदिर में आयोजित श्रीराम कथा में भाग लेने आई हुई थीं। कथा पश्चात उन्होंने गौशाला का अवलोकन करते हुए वहां की व्यवस्थाओं को नजदीक से देखा। स्वच्छता, चारे-पानी की समुचित व्यवस्था तथा गौसेवकों की तत्परता को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय सनातन संस्कृति की आत्मा है और गौमाता की सेवा से समाज में सुख-शांति और समृद्धि का वास होता है। उन्होंने गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया। इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष अजीतसिंह चांदारूण ने उन्हें गौशाला की गतिविधियों, गोवंश की देखरेख तथा चल रही सेवा योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।






