डेगाना.
विधायक जनसेवा केंद्र पर बुधवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं का अंबार नजर आया। डेगाना विधायक अजयसिंह किलक ने शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान कर राहत पहुंचाई।
जनसुनवाई में पेयजल संकट, शिक्षा व्यवस्था, सड़क और बिजली से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए। शहर के वार्ड संख्या 18 के निवासियों में महिलाओं ने जनसुनवाई केंद्र पर पहुंचकर पेयजल समस्याओं को लेकर आक्रोश व्यक्त किया। बताया कि पिछले दो वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्याओं को लेकर विधायक के समक्ष शिकायतें रखीं। इस पर विधायक किलक ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता जयनारायण मेहरा सहित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। जल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। वहीं शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंताजनक स्थिति सामने आई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में “जहां बच्चे हैं वहां शिक्षक नहीं और जहां शिक्षक हैं वहां बच्चे नहीं” जैसी विसंगति बनी हुई है। चुवा गांव के स्कूल में शिक्षक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई, जिस पर विधायक ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विधायक किलक ने कहा कि आमजन की मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना उनकी प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर यूनुस खान, भाजपा नेता पवन पुरोहित, पवन बिंदा, रामचंद्र डूडी, मुकेश धोजक, समाजसेवी विष्णु टांडी मांडल, पीएसओ राकेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि व आमजन उपस्थित रहे।
विभागीय अधिकारियों को तुरंत निर्देश:-
लंबित मामलों के लिए समयबद्ध कार्रवाई के आदेश विधायक अजयसिंह किलक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।






