डेगाना (नागौर).
गुर्जर समाज के 44 गांवों के पंच-पटेलों की एक महत्वपूर्ण बैठक डेगाना तहसील के गांव मेहराणा स्थित प्राचीन देवनारायण मंदिर में आयोजित हुई। बैठक का आयोजन देवनारायण भगवान देवरा मेहराणा अध्यक्ष रतनलाल बागड़ी की अध्यक्षता में किया गया।
बैठक में 44 गांवों के विभिन्न गांवों से गुर्जर समाज के जागरूक पंच-पटेल, समाजसेवी एवं शिक्षित वर्ग के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने एवं सुधार लाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समाज सुधार के तहत यह तय किया गया कि शादी-विवाह में अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाई जाएगी। विशेष रूप से सोना-चांदी के लेन-देन को सीमित करते हुए विवाह समारोह में अधिकतम तीन तोला सोना एवं बीस तोला चांदी ही देने का निर्णय लिया गया।
इसी प्रकार मृत्युभोज में भी सादगी अपनाने का निर्णय लेते हुए केवल एक मिठाई (बूंदी) एवं सब्जी-पूड़ी ही बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। सभी प्रकार के अनावश्यक खर्चों पर पूर्णतः रोक लगाने पर सहमति बनी। बैठक में शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल करते हुए मेहराणा देवनारायण मंदिर परिसर में एक बड़े पुस्तकालय के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी ने समर्थन दिया। इसके अलावा समाज में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अन्य कई प्रस्तावों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
इन प्रस्तावों पर भी बनी सहमति:-
मृत्युभोज की बैठक (कार्यक्रम) एक दिन में ही संपन्न की जाएगी, इसे अनावश्यक रूप से कई दिनों तक नहीं बढ़ाया जाएगा।
समाज में अमल-डोडा एवं शराब का सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। 25 वर्ष से कम आयु के व्यक्ति की मृत्यु होने पर मृत्युभोज पूर्णतः बंद रहेगा। ऐसे मामलों में केवल आवश्यक धार्मिक अनुष्ठान ही किए जाएंगे। “मौत पर तीजा” एवं “नवमी” जैसे कार्यक्रमों को भी बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके स्थान पर केवल सादा भोजन (सब्जी-रोटी,सामान्य व्यवस्था) ही रखा जाएगा। किसी प्रकार का अनावश्यक खर्च नहीं किया जाएगा। पैराणी (पराणी) प्रथा में अधिकतम 21 हजार रुपए ही थाली में रखे जाएंगे। पेट पैरानी, सास-ससुर के कपड़े दिए जाएंगे। पैराणी भरने के बाद बहन-भेटी को वापस कपड़े देने की परंपरा पूर्णतः बंद रहेगी। मौसर व काण जैसे अवसरों पर कपड़े देने की प्रथा को पूर्णतः समाप्त करने का निर्णय लिया गया। नाबालिगों को फोन से दूरी बनाए रखने की अपील समाज के सभी लोगों से की गई। शादी-विवाह में डीजे एवं फ्लोर पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके स्थान पर केवल छोटे स्पीकर के उपयोग की अनुमति होगी। जन्मदिन, शादी की सालगिरह जैसे कार्यक्रम सादगी से मनाने का निर्णय लिया गया तथा इन अवसरों पर गौशालाओं में चारा, आहार (पशुओं को खिलाने) की नई परंपरा शुरू करने पर जोर दिया गया। पूर्णम उज्जरणा, मकान नांगल जैसे आयोजनों में कपड़े देने की परंपरा को सीमित करते हुए केवल बहन-भेटी एवं जंवाई तक ही कपड़े देने का निर्णय लिया गया। शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शराब एवं अन्य नशे से पूर्ण दूरी बनाए रखने का आह्वान किया गया।
यह रहे मौजूद:-
बैठक में बस्तीराम चांदेला, लाबूराम चूंदिया, लूणाराम चाड, भागूराम तंवर, भीखाराम फौजी, रामकरण कोली, जयपाल, नारायण चाड़ (लांपोलाई), रमजीराम बजाड़ बिखरनिया, जीवणराम भडाणा (पालड़ी कलां), श्रवणराम ईड़वा, मोडूराम गुर्जर डेगाना गांव, गेनाराम जावला, श्रवणराम खटाणा, भंवरलाल बागोट, हालूराम, मूलाराम, जीवनराम फागणा, मदनलाल बागड़ी, रतनराम बोकण, सुखाराम बागड़ी, अमरचंद फागणा सहित बड़ी संख्या में गुर्जर समाज के लोग उपस्थित रहे। अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, फिजूलखर्ची पर नियंत्रण करने एवं शिक्षा के प्रसार के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।






