डेगाना. शीत ऋतु को देखते हुए भोमियासा हनुमानसिंह जोधा संस्थान की ओर से राजकीय उप जिला अस्पताल में सोमवार को सर्दी से बचने के लिए बड़े वाले कंबल का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर अस्पताल में भर्ती जरुरतमंद मरीजों को कंबल वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग अजमेर संभाग जाॅइट डायरेक्टर डॉ. संपतसिंह जोधा ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों की सहायता करना समाज का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि हमारे जोधा परिवार की ओर से संचालित संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा। इस अवसर पर डेगाना उप जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. संजय केड़िया, एडवोकेट महावीर प्रसाद शर्मा, डॉ. मुकेश पूनियां, महेंद्रसिंह, दिलीप कुमार शर्मा, श्रवण कंस्वा सहित चिकित्सा स्टाफ उपस्थित रहे। अस्पताल प्रशासन एवं स्टाफ ने संस्थान के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।






