डेगाना. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट माधोराम चौधरी मंगलवार को डेगाना क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान ग्राम बाजियासर में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। हुक्माराम बाजिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर व साफा बंधवाकर चौधरी का अभिनंदन किया। स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए एडवोकेट माधोराम चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रवाद, विकास और सुशासन की विचारधारा पर कार्य करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, किसान, महिला और युवाओं के हित में लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं चला रही है। चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को जन-जन तक पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं से भी चौधरी को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित मंचों पर समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य नानूराम मेघवाल, महिराम विश्नोई, मनमोहन सैन, अंकित सियाक,
खेमाराम दादरवाल, पुरखाराम बुगालिया, सुनील सारण, ओम बाजिया, लादूराम दादरवाल, नारायण बाजिया, किशोर बुगालिया, ओमप्रकाश, बेनीगोपाल शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।






