डेगाना.
डेगाना शहर की निवासी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी प्रजापत पुत्री दुर्गाप्रसाद प्रजापत का प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में जेएलएन मेडिकल कॉलेज अजमेर में पीजी के लिए चयन होने हुआ है। राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भैरूंदा में कार्यरत चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी प्रजापत का प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग में जेएलएन मेडिकल कॉलेज अजमेर में पीजी के लिए चयन होने पर शनिवार को राजकीय अस्पताल भैरूंदा में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस उपलब्धि पर चिकित्सा स्टाफ, अधिकारियों एवं परिजनों में हर्ष का माहौल रहा। समारोह के दौरान डॉ. मीनाक्षी प्रजापत का माल्यार्पण कर एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट सेवा देने वाली डॉ. प्रजापत की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उनके चयन से न केवल भैरूंदा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्र का भी नाम रोशन हुआ है। इस अवसर पर बीसीएमओ डॉ. राजेंद्र चौधरी ने कहा कि डॉ. प्रजापत ने अपने कार्यकाल में मरीजों के प्रति समर्पण और मेहनत का परिचय दिया है, जिसका परिणाम आज उनके पीजी चयन के रूप में सामने आया है। उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर वे क्षेत्र की महिलाओं को और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में डॉ. हनुमान प्रसाद लांबा, बीसीएमओ डॉ. राजेंद्र चौधरी सहित सीएचसी का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने डॉ. प्रजापत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उधर, चयन की सूचना मिलते ही परिजनों ने भी घर पर स्वागत-सम्मान कर खुशी जाहिर की।






