डेगाना.
मुकद्दस माह-ए-रमजान की आमद के साथ ही जहां बड़े लोग इबादत, रोजा और तिलावत-ए-कुरआन में मशगूल हैं, वहीं नन्हे बच्चे भी दीन की राह पर चलने का जज़्बा दिखा रहे हैं। शहर के 7 वर्षीय मासूम ईसरान छींपा ने अपना पहला रोजा रखकर अपने खानदान और पूरे मोहल्ले में खुशी की फिजा पैदा कर दी। ईसरान पुत्र इरफान छींपा पूर्व तहसीलदार कालू मोहम्मद के पौते है।
सहरी से इफ्तार तक निभाया रोजे का एहतराम:-
पूर्व तहसीलदार कालू मोहम्मद ने बताया कि ईसरान ने सुबह सहरी के वक्त उठकर पूरे शौक और नियत के साथ रोजा रखा। दिनभर उन्होंने सब्र और तहम्मुल का मुजाहिरा करते हुए रोजे की तमाम पाबंदियों का एहतराम किया। शाम को अजान-ए-मगरिब के बाद खजूर और पानी से इफ्तार कर रोजा मुकम्मल किया। इस मौके पर घर में खुशी का माहौल रहा और परिजनों ने अल्लाह का शुक्र अदा किया।
दादा-दादी और वालिदैन ने दी दुआएं
नन्हे रोजेदार ईसरान को उनके दादा-दादी, वालिदैन और रिश्तेदारों ने ढेरों दुआओं से नवाजा। सभी ने अल्लाह तआला से उसकी सेहत, तालीम और कामयाबी के लिए खास दुआ की। परिजनों ने कहा कि छोटी उम्र में रोजा रखना बच्चों में दीन के प्रति मोहब्बत और अखलाक पैदा करता है।
मोहल्ले में बना चर्चा का विषय:-
ईसरान के पहले रोजे की खबर सुनकर अजीज-ओ-अकारिब और मोहल्लेवासी भी उनके घर पहुंचे और मुबारकबाद पेश की। लोगों ने कहा कि आज के दौर में बच्चों का दीन की तरफ रुझान होना बहुत खुशी की बात है। यह अमल दूसरे बच्चों के लिए भी मिसाल बनेगा। रमजान देता है सब्र और रहमत का पैगाम। रमजान का महीना रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना माना जाता है। इस माह में रोजा रखने से इंसान में सब्र, हमदर्दी और परहेजगारी की सिफत पैदा होती है। नन्हे ईसरान का पहला रोजा इसी दीन- ओ-इमान की खूबसूरत शुरुआत माना जा रहा है।






