डेगाना.
डेगाना विधानसभा क्षेत्र के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों ने गुरुवार को जयपुर पहुंचकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में भाग लिया। इस दौरान पदाधिकारियों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें होली की शुभकामनाएं दीं तथा स्वागत-सम्मान किया। मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डेगाना विधानसभा क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों, जनसंपर्क कार्यक्रमों और स्थानीय मुद्दों की जानकारी दी। पदाधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में कांग्रेस संगठन मजबूती के साथ कार्य कर रहा है और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं। प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा ने डेगाना विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों और लगातार किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने संगठन की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डेगाना अध्यक्ष प्रकाश कूंकणा, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरधारी मुंडेल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष हारून रशीद, महावीर जोगड़ सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहें।






