डेगाना विधानसभा को सड़कों की बड़ी सौगातें:- 3.28 करोड़ की लागत से 10 किमी सड़कें स्वीकृत, ग्रामीणों को मिलेगी राहत उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी व विधायक अजयसिंह किलक‌ के प्रयासों से मिली स्वीकृतियां, ग्रामीणों ने जताई खुशी
19 Feb 2026

डेगाना विधानसभा को सड़कों की बड़ी सौगातें:-  3.28 करोड़ की लागत से 10 किमी सड़कें स्वीकृत, ग्रामीणों को मिलेगी राहत

डेगाना. 

प्रदेश बजट 2026-27 में डेगाना विधानसभा क्षेत्र के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से कच्चे रास्तों की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत देते हुए क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन सड़कों के निर्माण पर कुल 3 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा। जानकारी देते हुए गांव जाखेडा के निवासी उप मुख्यमंत्री कार्यालय जयपुर में निजी सचिव नरेंद्रसिंह जाखेड़ा ने बताया कि उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा पेश बजट में डेगाना विधायक अजयसिंह किलक के प्रयासों से इन कार्यों को मंजूरी मिली है। इससे ग्रामीण क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी और लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सकेंगी।

दो प्रमुख मार्गों का होगा निर्माण:- 

नरेंद्रसिंह जाखेडा ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में गांव जाखेड़ा से हनुमान मंदिर बगीची खारड़िया तक 5 किलोमीटर डामर सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 75 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इससे अब धार्मिक स्थल सीधा कई गांवों और ढाणियों से जुड़ जाएगा। जिससे गांव ढाणियों के साथ धार्मिक स्थल सीधा बगीची में भी श्रद्धालुओं को आने में सुविधा होगी। तो वहीं चुई से किरोदा तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1 करोड़ 53 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन दोनों मार्गों की हालत लंबे समय से खराब थी, जिससे बरसात के दौरान कीचड़ और जलभराव की समस्या के कारण ग्रामीणों, विद्यार्थियों और किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

डेगाना विधानसभा को सड़कों की बड़ी सौगातें:-  3.28 करोड़ की लागत से 10 किमी सड़कें स्वीकृत, ग्रामीणों को मिलेगी राहत

विधानसभा में उठाया था मुद्दा:-

विधायक अजयसिंह किलक ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान क्षेत्र की खराब सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि डेगाना क्षेत्र कृषि प्रधान है और किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने के लिए अच्छी सड़क व्यवस्था बेहद जरूरी है। नई सड़कों के निर्माण से किसानों का समय बचेगा और परिवहन लागत भी कम होगी।

विकास को मिलेगी नई गति:- 

नई सड़कों के निर्माण से गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज पहुंचने में सुविधा होगी, वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भी आसानी होगी। साथ ही क्षेत्र में छोटे उद्योग और ग्रामीण पर्यटन को भी अप्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है।विधायक किलक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व वित्त मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी डेगाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की यह श्रृंखला जारी रहेगी। 

ग्रामीणों में खुशी, शीघ्र निर्माण की उम्मीद:-

बजट में मिली इस सौगात से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि वर्षों पुरानी सड़क समस्या से स्थायी राहत मिल सके।