डेगाना में हनुमान जन्मोत्सव, पीले चावल से निमंत्रणः 2 अप्रैल को बाल हनुमान प्राकट्य दिवस पर निकलेगी ध्वज यात्रा, तैयारियां शुरू
30 Mar 2026

डेगाना में हनुमान जन्मोत्सव, पीले चावल से निमंत्रणः

डेगाना में हनुमान जन्मोत्सव और श्री बाल हनुमान प्राकट्य दिवस को लेकर भक्तिमय माहौल है। चंदारुण स्थित श्री बाल हनुमान मंदिर में 2 अप्रैल को भव्य आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। हनुमान सेवा समिति ने इस आयोजन के लिए जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

सोमवार को समिति के पदाधिकारियों ने शहर के सदर बाजार में व्यापारियों को पारंपरिक तरीके से पीले चावल देकर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। समिति सदस्यों ने दुकानों पर पहुंचकर श्रद्धापूर्वक निमंत्रण दिया और आयोजन की विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान बाजार में विशेष उत्साह देखा गया और व्यापारियों ने भी कार्यक्रम में पूरे मन से भाग लेने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रामकिशोर नांवधर, राधेश्याम करवा, भगवती लखारा, मांगीलाल तोषनीवाल, श्रवण कुमार आचार्य, उत्तम प्रकाश गोड और मुकेश लखारा सहित समिति के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचकर धर्मलाभ लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रमों की शुरुआत 1 अप्रैल को सायं 8:15 बजे 108 आसन सुंदरकांड पाठ के शुभारंभ के साथ होगी, जो निरंतर जारी रहेगा।

डेगाना में हनुमान जन्मोत्सव, पीले चावल से निमंत्रणः

इसके बाद 2 अप्रैल को प्रातः 8:15 बजे भगवान बाल हनुमान का विशेष अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। इसी समय से शहर के वेंकटेश मंदिर से  विशाल ध्वज यात्रा भी निकाली जाएगी।जो शहर के प्रमुख मार्ग सदर बाजार,डिप्टी ऑफिस,हॉस्पिटल चोराया से होकर गुजरेगी। ध्वज यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर जयकारों के साथ शामिल होंगे। जिससे पूरे शहर का वातावरण भक्तिमय हो उठेगा।

प्रातः 11 बजे मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन होगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।आरती में बड़ी संख्या में भक्त शामिल होकर हनुमान जी की आराधना करेंगे। साथ ही, दिनभर महाप्रसाद भंडारे का आयोजन रहेगा, जहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रात्रि 8:30 बजे आयोजित होने वाली भव्य भजन संध्या रहेगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मंदिर परिसर में सजावट, रोशनी और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। हनुमान सेवा समिति के इस जनसंपर्क अभियान और लगातार चल रही तैयारियों से साफ है कि इस बार डेगाना में हनुमान जन्मोत्सव ऐतिहासिक रूप में मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। पूरे शहर में इन दिनों भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल नजर आ रहा है।