डेगाना.
राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के जिला स्तरीय अधिवेशन एवं कार्यकारिणी बैठक में डेगाना शहर सहित ब्लॉक पदाधिकारियों ने रविवार को भाग लिया। आयोजन महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय थांवला में हुआ। अधिवेशन में डेगाना शहर सहित ब्लॉक क्षेत्र के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने भाग लेकर विभिन्न शैक्षणिक एवं संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
डेगाना उपशाखा अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ के नेतृत्व में भाग लेकर शिक्षक प्रतिनिधिमंडल ने अधिवेशन में भागीदारी निभाई। शिक्षकों की लंबित समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए आरजीएचएस योजना से जुड़ी परेशानियां तथा तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति का मुद्दा सदन में रखा गया। अधिवेशन को संबोधित करते हुए संगठन संरक्षक सुरेश कुमार डूडी ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों के हितों की रक्षा जरूरी है तथा संगठन लगातार शिक्षकों की आवाज बुलंद करता रहेगा।
पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग
उपशाखा अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के शिक्षकों को कई प्रशासनिक और सेवा संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आरजीएचएस से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की मांग रखी। इस मौके पर बैठक में अध्यक्ष राजेंद्र गौड़, संगठन संरक्षक सुरेश कुमार डूडी, भूराराम राईका, गोविन्दलाल जागिड़, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष बजरंगलाल साहू, सुरेन्द्रसिंह कारेल, किशनाराम बाजिया, रामनिवास कड़वा, जियाराम महिया सहित अनेक शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।






