जन्मदिवस पर कृषि उपज मंडी परिसर में पेड़ों पर लगाए 31 परिंडे, लिया संकल्प हार्दिक कूंकणा ने जन्मदिन को बनाया सेवा का पर्व, पेड़ों पर परिंडे लगाकर पानी भरा
01 May 2026

जन्मदिवस पर कृषि उपज मंडी परिसर में पेड़ों पर लगाए 31 परिंडे, लिया संकल्प

डेगाना. 

भीषण गर्मी के दौर में बेजुबान पक्षियों के लिए संवेदनशीलता और सेवा का प्रेरक उदाहरण कृषि उपज मंडी, डेगाना में देखने को मिला। परिंडा लगाओ अभियान के तहत यहां बालक हार्दिक कूंकणा के जन्मदिन के अवसर पर परिजनों व सहयोगियों ने मंडी परिसर में पेड़ों पर चारों ओर 31 परिंडे (जल पात्र) बांधकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कूंकणा व हार्दिक कूंकणा ने अपने हाथों से पेड़ों पर परिंडे बांधकर उनमें पानी भर के शुभारंभ किया। गर्मी में जल संकट से जूझ रहे पक्षियों को राहत देने के उद्देश्य से किए गए इस प्रयास ने लोगों को खासा प्रभावित किया। परिंडो में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी भी परिजनों ने स्वयं ली है, ताकि यह पहल केवल एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि निरंतर जारी रहे। परिजनों ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से इस प्रकार बेजुबान जीवों की सेवा करते आ रहे हैं और जन्मदिन जैसे अवसरों को इसी तरह सार्थक बनाना उनकी परंपरा बन चुकी है। उनका मानना है कि सादगीपूर्ण उत्सव के साथ सेवा का भाव ही सच्चा जश्न है। इस दौरान आमजन से भी अपील की गई कि वे अपने विशेष अवसरों को दिखावे के बजाय सामाजिक सरोकारों से जोड़ें और पक्षियों व जरूरतमंद जीवों की सेवा के लिए आगे आएं। कार्यक्रम में हार्दिक कूंकणा के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए उसके जीवन में सेवा और संवेदनशीलता के भाव बनाए रखने की प्रार्थना की गई। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कूंकणा, मनोज शर्मा (पर्यावरण प्रेमी), नेमीचंद राड़, महावीर जैन, अमित प्रजापत, शिव पारीक, ओमप्रकाश गोदारा, सुखाराम खटकड़, धनाराम हरिजन, भंवरसिंह तिलानेस, मिठू बन्ना सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग व आमजन मौजूद रहे।