डेगाना.
शहर के कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत आयोजित बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश और एकजुटता साफ नजर आई। डेगाना विधानसभा स्तरीय इस बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डेगाना, भैरूंदा व शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता डेगाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश कुंकणा ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष नागौर हनुमानराम बांगड़ा ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरते हुए साफ शब्दों में कहा कि अब संगठन में केवल सक्रिय कार्यकर्ताओं की ही जगह होगी, उन्होंने दो टूक चेतावनी दी कि जो पदाधिकारी फील्ड में काम नहीं कर रहे या संगठन के कार्यों में ढिलाई बरत रहे हैं, उन्हें पद से हटाने में कोई संकोच नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “यह अभियान केवल संगठन विस्तार का नहीं, बल्कि देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का आंदोलन है। हमें गांधी, नेहरू और डॉ. आंबेडकर के सपनों के भारत को बचाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करना होगा। नव नियुक्त खंडार (सवाई माधोपुर) विधानसभा प्रभारी गिरधारी मुंडेल ने कहा कि राज्य में पंचायतीराज, निकाय चुनाव समय पर नहीं करवाने को लेकर सरकार पर निशाना साधा।






