डेगाना. ग्राम ईड़वा की निवासी खोखर शाह समाज की होनहार बेटी तमन्ना फातिमा ने क़ारिया कोर्स मुकम्मल कर क्षेत्र सहित पूरे समाज का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर समाज के लोगों में खुशी की लहर है और जगह-जगह से उन्हें मुबारकबाद दी जा रही है। तमन्ना फातिमा अनवर शाह खोखर की पोती व बदरुद्दीन शाह की पुत्री हैं। उन्होंने क़ुरआन शरीफ की तिलावत और इल्म-ए-दीन की उच्च शिक्षा प्राप्त कर क़ारिया बनने का गौरव हासिल किया। कोर्स पूर्ण करने के उपरांत उन्हें संस्थान की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद जब तमन्ना फातिमा अपने गांव ईड़वा लौटीं तो ग्रामीणों और समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर सामाजिक संगठनों एवं परिजनों ने सम्मान समारोह आयोजित कर उनकी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया। खास बात यह है कि तमन्ना फातिमा खोखर शाह समाज ईड़वा की पहली बेटी हैं, जिन्होंने क़ारिया बनकर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज का सिर गर्व से ऊंचा हो गया है। समाज के प्रबुद्धजनों ने कहा कि बेटियों की शिक्षा और विशेषकर दीन की तालीम में यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। जब बेटियां इल्म की राह पर आगे बढ़ती हैं तो वे पूरी कौम के लिए मिसाल बन जाती हैं। तमन्ना फातिमा की इस कामयाबी पर दुआ की गई कि अल्लाह तआला उन्हें कुरआन की खिदमत करने की और भी तौफीक अता फरमाए तथा दीन व दुनिया में कामयाबी प्रदान करे।
इदारा-ए-क़ुरआन का अर्थ:-
‘इदारा-ए-क़ुरआन’ का अर्थ “क़ुरआन संस्थान” या “क़ुरआन का केंद्र” होता है। यह ऐसी संस्था होती है जहां क़ुरआन की शिक्षा, अध्ययन एवं संबंधित धार्मिक गतिविधियों का संचालन किया जाता है।






