डेगाना.
उपखंड क्षेत्र के सांजू कस्बे के होनहार युवा शुभम सिंह राठौड़ पुत्र एडवोकेट महावीरसिंह राठौड़ ने प्रतिष्ठित इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (आईएफएस) परीक्षा में 23 वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शुभम की इस उपलब्धि से पूरे सांजू सहित डेगाना क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। जैसे ही उनके चयन की सूचना गांव पहुंची, परिजनों, मित्रों और ग्रामीणों ने बधाइयों का सिलसिला शुरू कर दिया। शुभम सिंह राठौड़ एडवोकेट महावीर सिंह राठौड़ के पुत्र हैं। उन्होंने कामयाबी का श्रेय माता सुमनेश कंवर एवं पिता महावीरसिंह को दिया। उन्हें जनसेवा की अभिप्रेरणा अपने बड़े पापा स्वर्गीय मोहनसिंह सांजू से प्राप्त हुई । ग्रामीणों ने बताया कि शुभम शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा का संचार हुआ है।
घर पर लगा शुभकामनाएं देने वालों का तांता:-
शुभम के चयन की खबर मिलते ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। रिश्तेदारों, मित्रों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। लोगों ने कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित सेवा में चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत:-
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने शुभम सिंह राठौड़ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।
शिक्षा और परिश्रम का मिला परिणाम:-
ग्रामीणों ने बताया कि शुभम ने हमेशा अपने लक्ष्य पर फोकस रखा और कठिन परिश्रम के साथ तैयारी की। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर यह बड़ी सफलता प्राप्त की। उनकी उपलब्धि से क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति उत्साह बढ़ा है।






