श्री कल्याण एजुकेशन ग्रुप जावला-मेहराणा का 10 वीं बोर्ड परिणाम में दबदबा टॉपर्स का शानदार प्रदर्शन, प्रतिभाओं का किया सम्मान, हिमांशु दायमा ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर किया नाम रोशन
28 Mar 2026

श्री कल्याण एजुकेशन ग्रुप जावला-मेहराणा का 10 वीं बोर्ड परिणाम में दबदबा

डेगाना.

क्षेत्र की अग्रणी शिक्षण संस्था श्री कल्याण एजुकेशन ग्रुप, जावला- मेहराणा ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार अंक प्राप्त कर न केवल संस्था, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मेधावी विद्यार्थियों का माला पहनाकर व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। इस दौरान अभिभावकों व शिक्षकों में खुशी का माहौल देखने को मिला। विद्यालय के छात्र हिमांशु दायमा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संस्थान में प्रथम स्थान हासिल किया। हिमांशु के पिता भगवान दायमा हैं और उनका लक्ष्य डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना है। इसी क्रम में आचिंत्य गौड़ ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आचिंत्य के पिता बाबूलाल गौड़ हैं और वे भविष्य में इंजीनियर बनना चाहते हैं। वहीं, मोनिका ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। मोनिका के पिता श्रवणराम हैं और उनका लक्ष्य आईएएस बनकर देश सेवा करना है। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। संस्था का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर विद्यार्थियों को उच्च लक्ष्य की ओर प्रेरित करना है।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी और अन्य छात्रों को भी उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।