श्याम फाल्गुन मेला महोत्सव,कल होगी भव्य निशान यात्रा, डेगाना के वेंकटेश मंदिर से श्याम मंदिर चांदारूण तक निकलेगी यात्रा,चांदारुण का श्री श्याम मंदिर चांदारुण बना आस्था का बड़ा केंद्र,कोरोना काल के बाद बढ़ा क्रेज, 6 साल में लाखों जातरू पहुंचने लगे
26 Feb 2026

श्याम फाल्गुन मेला महोत्सव,कल होगी भव्य निशान यात्रा,

डेगाना उपखंड क्षेत्र के श्याम मंदिर चांदारूण में कल श्याम फाल्गुनी मेला महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।पिछले चार दिनों से श्याम मंदिर चांदारूण में कथा वाचिका अलका श्री द्वारा श्री राम कथा का आयोजन भी किया जा रहा है जिसका आज समापन किया जाएगा।मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष द्वारका प्रसाद हेडा ने बताया कि इसी के तहत कल शुक्रवार को सुबह 7 बजे वेंकटेश मंदिर डेगाना से श्याम मंदिर चांदारूण तक विशाल निशान पद यात्रा का आयोजन किया जाएगा ।जिसको लेकर मंदिर परिसर में विशेष तैयारियों ओर मेला मैदान में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

डेगाना उपखंड के चांदारुण गांव स्थित श्री श्याम मंदिर में इन दिनों श्रद्धा का अभूतपूर्व सैलाब उमड़ रहा है। कोरोना काल के बाद से मंदिर की लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा देखने को मिला है और पिछले छः वर्षों में अब यहां हर माह हजारों तो विशेष अवसरों पर लाखों की संख्या में जातरू पहुंच रहे हैं।दरअसल, कोविड-19 महामारी के दौरान देशभर के बड़े धार्मिक स्थलों की तरह खाटू श्याम मंदिर जाने पर भी पाबंदियां लग गई थीं। ऐसे में डेगाना क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों के श्रद्धालुओं ने चांदारुण के श्री श्याम मंदिर को ही अपनी आस्था का प्रमुख केंद्र बना लिया। धीरे-धीरे यह मंदिर क्षेत्रीय स्तर से निकलकर जिलेभर में पहचान बनाने लगा।

एकादशमी पर उमड़ता है जनसैलाब

हर एकादशमी के अवसर पर मंदिर परिसर से विशाल निशान यात्रा निकाली जाती है। इस यात्रा में 40 से 50 हजार से अधिक श्रद्धालु भाग लेते हैं। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ निकलने वाली यह यात्रा पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना देती है। जगह-जगह ग्रामीण श्रद्धालुओं के स्वागत में पुष्पवर्षा करते हैं और जलपान की व्यवस्था करते हैं।

निशान यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण मिलकर व्यवस्थाएं संभालते हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में भी लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मंदिर परिसर में लगता है विशाल मेला

विशेष अवसरों पर मंदिर परिसर में विशाल मेले का आयोजन होता है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले भक्तों के लिए भोजन, पानी, छाया और पार्किंग जैसी व्यवस्थाएं की जाती हैं। स्थानीय ग्रामीणों और भामाशाहों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होता है।

ग्रामीणों का कहना है कि कोरोना काल की पाबंदियों ने जहां एक ओर लोगों को बड़े धार्मिक स्थलों से दूर कर दिया था, वहीं दूसरी ओर स्थानीय आस्था केंद्रों को नई पहचान दी। चांदारुण का श्री श्याम मंदिर इसका प्रमुख उदाहरण बनकर उभरा है।

आज स्थिति यह है कि डेगाना क्षेत्र ही नहीं, बल्कि नागौर जिले के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। श्रद्धा की यह लहर अब एक बड़े धार्मिक आयोजन का स्वरूप ले चुकी है, जिससे चांदारुण गांव धार्मिक मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है।

समापन पर उमड़ा जनसैलाब, रामधुन में झूमे श्रद्धालु:- 

समापन दिवस पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की हजारों की भारी भीड़ कथा स्थल पर पहुंची। कथा समाप्ति पर श्रद्धालुओं ने सामूहिक रामधुन और महाआरती में भाग लिया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी से पूरा आयोजन ऐतिहासिक बन गया। पांच दिनों तक शहर में भक्ति की अविरल धारा बहती रही। जगह-जगह स्वागत द्वार सजाए गए और श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व प्रसाद की व्यवस्था की गई।

भामाशाहों का सम्मान, सहयोगियों का जताया आभार:-

आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले भामाशाहों और समाजसेवियों का श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट की ओर से साफा, माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों का आभार जताया।

यह रहे अतिथि मौजूद:- 

समापन अवसर पर अध्यक्ष श्याम मंदिर द्वारका प्रसाद हेड़ा, पूर्व सरपंच अजीतसिंह चांदारूण, रामकुंवर भूतड़ा, सुरेश हेडा, पूर्व चेयरमैन राधाकिशन बिन्दा, पंचायत समिति सदस्य सुखराम धूण, पूर्व प्रधान रामपाल महिया, रामकुंवर मान्धणा, मेला अध्यक्ष कंचनसिंह, सोहनलाल करवा, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिवास सांखला, गिरिराज हेड़ा, उपाध्यक्ष रमेश अर्पूवा, अनिल शर्मा, नटवर मोदाणी, श्यामसुंदर हेडा, मांगीलाल तोषनीवाल, राकेश करवा, माणक तोषनीवाल, मनोज मित्तल ,राधेश्याम करवा,

रामाअवतार चांडक,रमेश सारडा,सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी एवं हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

श्रद्धालुओं ने लिया संकल्प:- 

कथा समापन के साथ श्रद्धालुओं ने श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और अगले वर्ष और अधिक भव्य आयोजन करने का संकल्प लिया।

पांच दिवसीय श्रीराम कथा ने डेगाना में भक्ति, संस्कार और सामाजिक समरसता की नई अलख जगा दी।