डेगाना (राजस्थान).
महाराष्ट्र के कोल्हापुर निवासी, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं डी. वाय. पाटिल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. संजय डी. पाटिल का जन्मदिन डेगाना (राजस्थान) सहित आसपास के क्षेत्र में सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उनके शिष्यों, चिकित्सकों और समाजसेवियों ने गौशालाओं में गौसेवा कर एवं अस्पताल में मरीजों की सेवा कर उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। डेगाना शहर के अवनीश हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर डेगाना में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. पाटिल के जन्मदिन पर केक काटा गया तथा मरीजों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए उनके व्यक्तित्व को नमन किया।
शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका:-
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. संजय डी. पाटिल ने डी. वाय. पाटिल ग्रुप के माध्यम से देशभर में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, नर्सिंग संस्थान, मैनेजमेंट कॉलेज और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर लाखों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई है। उनके नेतृत्व में शिक्षा के साथ-साथ चिकित्सा क्षेत्र में भी आधुनिक अस्पतालों की स्थापना कर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने शिक्षा को समाज सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम मानते हुए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए नए अवसर सृजित किए हैं, जिससे हजारों युवाओं का भविष्य संवर रहा है।






