डेगाना (नागौर).
डेगाना बार संघ के अधिवक्ताओं व सांजू की नायब तहसीलदार राधिका चौधरी के बीच पिछले पांच दिनों से चला आ रहा विवाद शुक्रवार को प्रशासन और बार संघ के बीच हुई सफल वार्ता के बाद समाप्त हो गया। लगातार पांच दिनों से कोर्ट में धरना प्रदर्शन चल रहा था। तो वही जिलेभर में कोर्ट में वकीलों ने कार्य बहिष्कार कर रखा था। पूरे मामले को लेकर चर्चा का माहौल था। स्थानीय प्रशासन से मामला नहीं सुलझ पाने से लगातार नागौर से एसडीएम जायल एसडीएम प्रयास कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार को आखिर जब ऑर्डर लेकर पहुंचे तो वकीलों ने सहमति दी। प्रशासन द्वारा बार संघ की प्रमुख मांगें स्वीकार किए जाने के बाद अधिवक्ताओं ने पेन-डाउन आंदोलन तथा धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके साथ ही पूरे जिले में चल रहा न्यायिक कार्य बहिष्कार भी समाप्त हो गया है। एसीजेएम कोर्ट डेगाना के न्यायाधीश राजेश्वर विश्नोई, नागौर एसडीएम गोविंदसिंह भींचर, डेगाना एसडीएम मोहन चौधरी एवं डेगाना तहसीलदार सतीश कुमार राव की मौजूदगी में हुई वार्ता के दौरान दोनों पक्षों में सहमति बनी। वार्ता में प्रशासन की ओर से विवाद के समाधान के लिए ठोस प्रशासनिक निर्णय लिए गए।
नायब तहसीलदार सहित दो पटवारी हटाए:-
समझौते के तहत नायब तहसीलदार सांजू राधिका चौधरी को भू-अभिलेख अनुभाग, कलेक्टर कार्यालय नागौर में पदस्थापित करने के आदेश जारी किए गए हैं। वहीं डावोली के पटवारी सुखाराम तथा पटवारी चेनाराम को जायल तहसील में स्थानांतरित किया गया है। इस प्रकार तीनों को सांजू तहसील से हटाया गया है। नागौर के कार्यवाहक जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर द्वारा इसके आदेश जारी किए गए। आदेशों की प्रतियां लेकर एसडीएम नागौर गोविंदसिंह भींचर धरना स्थल पर पहुंचे और बार संघ को सौंपीं, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इस निर्णय से बार संघ के अधिवक्ताओं में संतोष और खुशी का माहौल रहा।






