डेगाना.
उपखंड मुख्यालय की अग्रणी सीबीएसई एकमात्र राना इंटरनेशनल स्कूल डेगाना का कक्षा 12 वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में प्रतिभाओं ने जबरदस्त परचम लहराया है। शुक्रवार को प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सफलता पर विद्यालय परिवार और अभिभावकों ने खुशी जताई। विद्यालय के छात्र वीर हनुमान सोनी ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं कक्षा 10 वीं बोर्ड में धनश्री चौधरी ने 96.6 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया तथा विद्यार्थियों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। 12 वीं परीक्षा में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं। विद्यालय के 5 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 15 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, 33 विद्यार्थियों ने 70 प्रतिशत से अधिक तथा 23 विद्यार्थियों ने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया। अध्यक्षता करते हुए डायरेक्टर रामचंद्र जाजून्दा ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और अपने माता-पिता, विद्यालय, समाज एवं देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है। प्रधानाचार्या डॉ. आर्णिमा रस्तोगी ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और अभिभावकों के सहयोग से यह शानदार परिणाम संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि विद्यालय आगे भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कारयुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। इस मौके पर डायरेक्टर रामचंद्र जाजून्दा, प्रधानाचार्या डॉ. आर्णिमा रस्तोगी, विजयसिंह बिंदा, संग्रामसिंह बाजिया, लक्ष्मणसिंह परिहार, रामनिवास जाजून्दा, दानाराम, पिंटू, संजय कुमार सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। विद्यालय परिवार में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह व हर्ष का माहौल बना हुआ है।






