युवाओं की भागीदारी से ही मजबूत होगी लोकतंत्र की नींव, इसलिए युवा राजनीति में भागीदारी निभायें- चोपड़ा नागौर जिला स्तरीय युवा कांग्रेस सम्मेलन व आमसभा में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ता, निकाला भव्य जुलूस, क्रेनो वजेसीबी मशीनों से की पुष्प वर्षा
10 Apr 2026

युवाओं की भागीदारी से ही मजबूत होगी लोकतंत्र की नींव, इसलिए युवा राजनीति में भागीदारी निभायें- चोपड़ा

डेगाना. 

शहर के जावला रोड़ स्थित राधे गार्डन में गुरुवार को नागौर जिला स्तरीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन एवं आमसभा का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही और पूरे आयोजन में राजनीतिक ऊर्जा साफ नजर आई। सम्मेलन के मुख्य अतिथि युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उम्मीदवार पूर्व राजस्थान यूनिवर्सिटी छात्रसंघ अध्यक्ष अनिल चोपड़ा रहे, जबकि अध्यक्षता युवा कांग्रेस नागौर जिलाध्यक्ष उमीदवार मनीष कमेडिया ने की। विशिष्ट अतिथियों में नसीराबाद कांग्रेस विधानसभा प्रत्याशी एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष शिवप्रकाश गुर्जर नसीराबाद, युवा समाजसेवी एवं सरपंच प्रतिनिधि मुकेश टांडी पुन्दलौता, कांग्रेस नेता लोकेश गोदारा, जावला सरपंच एवं ब्लॉक अध्यक्ष परबतसर उमीदवार ओमप्रकाश नैण, पूनाराम डूडी, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज भगत, कानाराम कंसवा, सुखाराम जाजड़ा, रविन्द्र धूण, आशीष बेनीवाल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का 51 किलो की विशाल माला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इसके बाद मारवाड़ी परंपरा के अनुसार साफा व माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। पूरे आयोजन में पारंपरिक और आधुनिक उत्साह का संगम देखने को मिला।

युवाओं की भागीदारी से ही मजबूत होगी लोकतंत्र की नींव, इसलिए युवा राजनीति में भागीदारी निभायें- चोपड़ा

युवाओं को आगे आने का दिया संदेश:-

मुख्य अतिथि कांग्रेस नेता अनिल चोपड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि “देश और प्रदेश की राजनीति की दिशा और दशा युवाओं के हाथ में है। युवाओं को स्वच्छ और सकारात्मक राजनीति के साथ आगे बढ़ना होगा।” उन्होंने संगठन में हर कार्यकर्ता को अपनी बात रखने का अधिकार बताते हुए युवाओं की समस्याओं को जयपुर स्तर तक उठाने का भरोसा दिलाया। विशिष्ट अतिथि कांग्रेस नेता शिवप्रकाश गुर्जर ने युवाओं से आह्वान किया कि वे जोश के साथ-साथ धैर्य भी रखें। उन्होंने कहा कि राजनीति में मजबूत और जुझारू युवा नेतृत्व का आगे आना जरूरी है, तभी युवाओं के मुद्दों को सही मंच मिल पाएगा। सम्मेलन में अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं ने भी संगठन मजबूती, युवा भागीदारी और आगामी चुनावों को लेकर अपने विचार व्यक्त किए। मंच संचालन कानाराम कंसवा ने किया। इस मौके पर युवा कांग्रेस और संगठन सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा भी की गई।

शहर में निकला भव्य जुलूस, पुष्पवर्षा:-

सम्मेलन से पहले नागौर रोड़ से मुख्य सदर बाजार, बस स्टैंड और पुलिस थाना होते हुए जावला रोड़ तक भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान जेसीबी और क्रेनों की मदद से पुष्प वर्षा की गई। पूरे मार्ग में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था और नारेबाजी से माहौल गूंज उठा।