डेगाना. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा घोषित 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में राजकीय स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल डेगाना ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के कुल 69 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 51 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की। वहीं 10 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। विद्यालय की छात्रा दीक्षिता सिंह चौधरी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर निहारिका चौधरी ने 92 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि शिल्पा जाखड़ ने 89 प्रतिशत अंक लाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यालय प्रशासन ने इस शानदार परिणाम का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया। बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में आगामी सत्र से कक्षा 9 के विद्यार्थियों के लिए ब्यूटी एंड वेलनेस विषय को अतिरिक्त विषय के रूप में शुरू किया जाएगा, जिससे छात्रों के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। जिन विद्यार्थियों के किसी विषय में कम अंक आए हैं, उनके लिए दूसरे चरण की परीक्षा 15 मई से आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी अधिकतम तीन विषयों में पुनः परीक्षा देकर अपने अंक सुधार सकेंगे। इसके बाद ही अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पूनाराम महिया ने सभी सफल विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा से बड़ा कोई हथियार नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया, ताकि वे भविष्य में उच्च मुकाम हासिल कर सकें। इस मौके पर टॉपर विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।






