मुख्यमंत्री से मिले विधायक किलक, डेगाना के विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा सीएम को अवगत करवाया विभिन्न विकास कार्यों और प्रोजेक्ट के बारे में, उप जिला चिकित्सालय निर्माण, कृषि कॉलेज सहित कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर जोर
17 Apr 2026

मुख्यमंत्री से मिले विधायक किलक, डेगाना के विकास कार्यों पर हुई विस्तृत चर्चा

डेगाना. 

डेगाना विधायक अजयसिंह किलक ने गुरुवार को जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात कर डेगाना विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान विधायक किलक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सरकार की देन से ही डेगाना में सबसे बड़ी सौगात के रूप में उप जिला चिकित्सालय का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करेगी और आने वाले समय में इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री के कर-कमलों से करवाने का प्रस्ताव है। इसके साथ ही उन्होंने गंदे पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण करवाए जाने, सड़कों सहित विकास कार्यों सहित विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र पूर्ण होने की अपेक्षा जताई। विधायक ने बताया कि वह क्षेत्र में कृषि कॉलेज खुलवाने की मांग को लेकर भी लगातार प्रयासरत हैं, जिससे किसानों और युवाओं को स्थानीय स्तर पर शिक्षा और अवसर मिल सकें। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधायक द्वारा रखे गए प्रस्तावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया और कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

विधायक किलक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में डेगाना सहित पूरे राजस्थान में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उल्लेखनीय है, कि लगातार विधायक अजयसिंह किलक‌ इन दिनों मुख्यमंत्री, मंत्रियों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों से संपर्क में रहकर क्षेत्र के बड़े प्रोजेक्ट्स को धरातल पर उतारने के लिए सक्रिय प्रयास कर रहे हैं।