डेगाना.
डेगाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मांडल देवा स्थित राजकीय संस्कृत उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर हालात चिंताजनक हो गए हैं। कार्यरत शिक्षक के स्थानांतरण के बाद विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो गई है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है, विरोध प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डेगाना विधायक अजयसिंह किलक ने संस्कृत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को पत्र लिखकर तत्काल समाधान की मांग की है। विधायक किलक द्वारा भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि राजस्थान संस्कृत शिक्षा विभाग के आदेश क्रमांक दिनांक 6.04.2026 के तहत अध्यापक लेवल-प्रथम संस्कृत के पद पर कार्यरत महावीर दाधीच मांडल देवा से स्थानांतरित कर राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय पाबूसर बीकानेर भेजा गया है। पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में यह विद्यालय कक्षा 1 से 8 तक संचालित हो रहा है, जिसमें कुल नामांकन 70 है। इनमें कक्षा 1 से 5 तक 45 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विद्यालय में अध्यापक लेवल-1 का एक भी पद स्वीकृत नहीं है। ऐसे में दाधीच के स्थानांतरण के बाद विद्यालय में केवल दो अध्यापक ही शेष रह जाएंगे, जिससे कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए कोई शिक्षक उपलब्ध नहीं रहेगा और शिक्षण व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो जाएगी। विधायक ने पत्र में स्पष्ट रूप से मांग की है कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए महावीर दाधीच के स्थानांतरण आदेश को निरस्त किया जाए तथा विद्यालय में अध्यापक लेवल-1 का पद सृजित कर यथावत पदस्थापन सुनिश्चित किया जाए।
विधायक के समक्ष प्रतिनिधिमंडल ने रखी समस्या:-
इस संबंध में शुक्रवार को मांडल देवा के युवा समाजसेवी विष्णु टांडी मांडल देवा के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जयपुर पहुंचा और विधायक अजयसिंह किलक से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षक की कमी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विधायक किलक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मंत्री को पत्र लिखकर दूरभाष पर भी वार्ता की और आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था सुचारू कर दी जाएगी। विधायक के त्वरित हस्तक्षेप पर ग्रामीणों ने आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर होगी।






