डेगाना.शहर के हेड़ाजी के नोहरे में रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन किया गया। आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन के अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं, जिनमें महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया।कलश यात्राएं नागौर फाटक, चारभुजा मंदिर एवं रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर सम्मेलन स्थल पर पहुंची, जहाँ श्रद्धालुओं एवं आयोजन समिति द्वारा यात्राओं का भव्य स्वागत किया गया। पूरे नगर में धार्मिक उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। सम्मेलन में मंचासीन अतिथि आचार्य डॉ. वीरेंद्र कृष्ण दौरगादति किशनगढ़, संत अमरदास कबीर पंथ आश्रम- मेहरासी, महंत मनसुखदास किरड, मुख्य वक्ता स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. धनश्री चौधरी, आयोजन समिति संयोजक कृष्ण कुमार कटारिया मंचासीन रहे। सभी अतिथियों का आयोजन समिति द्वारा माला पहनांकर, शाॅल ओढ़ाकर एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात खुशी खटोतीय द्वारा मधुर गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम का मंगलमय आगाज किया गया।
गीता बाल संस्कार केंद्र के बच्चों की नाट्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन:-
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण गीता बाल संस्कार केंद्र के बच्चों द्वारा प्रस्तुत की गई शानदार नाट्य प्रस्तुति रही। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से संस्कार, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और सनातन मूल्यों को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया और पूरे पंडाल में तालियों की गूंज सुनाई दी। संतों एवं अतिथियों ने गीता बाल संस्कार केंद्र द्वारा किए जा रहे संस्कार निर्माण के कार्यों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे केंद्र आज की पीढ़ी को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
महिलाओं को किसी भी क्षेत्र में कम नहीं आंके उन्हें प्रोत्साहन दें:-
सम्मेलन में मुख्य वक्ता स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. धनश्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं को किसी भी क्षेत्र में कम नहीं आंकना चाहिए। महिलाओं को समय- समय पर प्रोत्साहन दे, समाज के हर वर्ग में उन्हें बराबरी का हक मिलें। उन्होंने कहा कि हिंदू सम्मेलनों की आज आवश्यकता क्यों पड़ रही है, इस पर भी गौर करना चाहिए। उन्होंने सभी के एकजूटता, महिलाओं को भी विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। सम्मेलन में संतों ने राष्ट्रीय एकता, हिंदू एकता, धार्मिक कार्यक्रमों के साथ ही गौमाता की सेवा व राष्ट्र एकता, राष्ट्र सेवा, राष्ट्र को सर्वोपरि बताया।






