बिना दहेज की शादी बनी मिसाल, डूडी परिवार ने पेश की नई सोच डेगाना में सादगीपूर्ण विवाह, समाज को दिया सकारात्मक संदेश, शहर सहित क्षेत्र में हो रही सराहना
23 Apr 2026

बिना दहेज की शादी बनी मिसाल, डूडी परिवार ने पेश की नई सोच

डेगाना.

शहर में एक विवाह समारोह इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां डूडी परिवार ने दहेज प्रथा का पूरी तरह विरोध करते हुए बिना दहेज शादी कर समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया।

डेगाना शहर के राईकों का मोहल्ला निवासी युवा समाजसेवी पुनाराम डूडी के पुत्र रिछपाल डूडी का विवाह सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान परिवार ने स्पष्ट रूप से दहेज प्रथा का विरोध करते हुए किसी भी प्रकार का नगद, सामान या उपहार स्वीकार नहीं किया। बारात पास के गांव लोडियासर पहुंची, जहां दुल्हन सरिता कड़वा, पुत्री श्रवणराम कड़वा के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। पूरे समारोह में सादगी और सामाजिक संदेश की झलक देखने को मिली। विवाह में उपस्थित लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना है कि इस तरह के प्रयास समाज में व्याप्त कुरीतियों को खत्म करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। पूर्व पार्षद छोटूराम भाम्भू गौरेडी ने बताया कि इस प्रकार की शादियां अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणा बनेंगी और दहेज जैसी कुप्रथा को खत्म करने में मददगार साबित होंगी।

इनकी जुबानी:

“दहेज एक सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमने बिना दहेज जैसे टीका, नेक अन्य फिजूलखर्ची के शादी कर एक छोटा सा प्रयास किया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और आने वाली पीढ़ियां इस कुप्रथा से दूर रहें।- पूनाराम डूडी (दूल्हे के पिता)।