डेगाना। फाल्गुन माह की मस्ती और भक्ति की बयार के बीच शहर का सदर बाजार 1 मार्च को रंग और रस में सराबोर नजर आएगा। सदर बाजार स्थित वेंकटेश सत्यनारायण मंदिर में दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक भव्य फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर प्रांगण में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मंदिर के वैद्यनाथ करवा व श्रद्धालु राकेश करवा ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी फागोत्सव पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा श्याम भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। भजनों की मधुर स्वर लहरियों से मंदिर परिसर भक्तिरस में डूब जाएगा और श्रद्धालु झूमते नजर आएंगे।
ठाकुर जी की सजेगी नयनाभिराम झांकी
फागोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार कर आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। रंग-बिरंगे फूलों, विशेष सजावट और रोशनी से सुसज्जित झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। मंदिर परिसर को भी फाल्गुनी रंगों से सजाया जाएगा।
फूलों की होली बनेगी मुख्य आकर्षण
भजन-कीर्तन के बीच फूलों की होली खेली जाएगी। श्रद्धालु एक-दूसरे पर पुष्प वर्षा कर उत्सव की आनंदमयी अनुभूति करेंगे। आयोजन समिति का कहना है कि यह आयोजन सामाजिक समरसता और धार्मिक आस्था का प्रतीक है, जिसमें सभी वर्गों के लोग भाग लेते हैं।
कार्यक्रम के अंत में ठाकुर जी की महाआरती की जाएगी तथा उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर फागोत्सव में भाग लेने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।






