डेगाना.
डेगाना सहित नागौर जिले के किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं कृषि से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर भोपालगढ़ पुलिस डीएसपी भूराराम खिलेरी रामसरी तथा देवनारायण महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति की चेयरमैन रूकमणि देवी रामसरी ने नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इफको की 55 वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) में सोमवार को भाग लिया। इस दौरान उन्होंने इफको के प्रबंध निदेशक (मार्केटिंग) के.जे. पटेल से मुलाकात कर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं से अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने डेगाना एवं नागौर जिले के किसानों के समक्ष खाद उपलब्धता, उर्वरक वितरण व्यवस्था, कृषि लागत में बढ़ोतरी तथा समय पर संसाधन उपलब्ध कराने जैसे विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सहकारी क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर डीएसपी भूराराम खिलेरी एवं चेयरमैन रूकमणि देवी ने इफको प्रबंध निदेशक के.जे. पटेल का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। उन्होंने किसानों के हित में इफको द्वारा किए जा रहे कार्यों तथा कृषि क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि इफको देशभर के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उर्वरक उपलब्धता और सहकारिता के माध्यम से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आशा जताई कि किसानों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक पहल होगी और क्षेत्र के किसानों को इसका लाभ मिलेगा। 55 वीं वार्षिक एजीएम में देशभर से आए प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सहकारिता क्षेत्र के विकास, किसानों की उन्नति तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को लेकर अपने विचार साझा किए।






