डेगाना.
डेगाना शहर के सम्मानित नागरिक एवं पूर्व कृषि मंडी सचिव संतोष कुमार देहरू की माताजी तथा अवनीश हॉस्पिटल प्रभारी डॉ. अमित चौधरी व विनोद चौधरी की दादीजी मोहिनी देवी (95) पत्नी स्वर्गीय चुन्नीलाल देहरू का शनिवार को निधन हो गया। उनके निधन का समाचार मिलते ही शहर में शोक की लहर छा गई। देहरू परिवार के निवास स्थान पर दिनभर शोक संवेदनाएं व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।
अवनीश अस्पताल से मुक्तिधाम तक निकली बैकुंठ यात्रा:-
मोहिनी देवी की बैकुंठ यात्रा शनिवार प्रातः अवनीश हॉस्पिटल से विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुई। अंतिम यात्रा गायत्री मंदिर चौराहा, अस्पताल चौराहा, सदर बाजार सहित प्रमुख मार्गों से होती हुई शहर के मुक्तिधाम पहुंची। इस दौरान बैंड-बाजों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालुओं ने जगह- जगह गुलाब के फूलों की वर्षा कर अंतिम विदाई दी। यात्रा के दौरान वातावरण श्रद्धा, सम्मान और भावुकता से भर गया तथा बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते नजर आए।
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुआ अंतिम संस्कार:-
मुक्तिधाम में पंडित जुगल किशोर शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार की रस्में सम्पन्न कराईं। परिजनों ने नम आंखों से दिवंगत मोहिनी देवी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।






