डेगाना. समाज की मुख्यधारा से जुड़ने की उम्मीद लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के लिए निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर संबल साबित हो रहा है। जिला स्तरीय तीन दिवसीय शिविर के दूसरे दिन गुरुवार को बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शिविर स्थल पहुंचे, जिससे पूरे परिसर में सेवा और संवेदना का वातावरण नजर आया। कोई ट्राईसाइकिल की आस लेकर पहुंचा तो कोई श्रवण यंत्र की उम्मीद में, हर किसी के चेहरे पर नई उम्मीद साफ दिखाई दे रही थी। सुबह से ही पंजीयन काउंटर पर लंबी कतारें लगी रही और दिव्यांगजन अपने परिजनों के साथ धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दूसरे दिन तक कुल 600 से अधिक दिव्यांगजनों का पंजीयन हो चुका है। आयोजन समिति की ओर से पात्र दिव्यांगजनों को जांच और आवश्यकता के अनुसार उपकरण वितरित किए जा रहे हैं।
शिविर में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डेगाना अध्यक्ष प्रकाश कुंकणा, पूर्व पार्षद भंवरलाल धोजक, श्रीकृष्ण गौशाला डेगाना गांव अध्यक्ष जगदीश हेड़ा, सुरेशचंद तापड़िया, प्रकाश करवा, पवन पुरोहित, मांगीलाल तोषनीवाल, बिरदीचंद तोषनीवाल, विनोद गिलड़ा, रजत मालू सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे। अतिथियों ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी सहित अन्य उपकरण वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। जनप्रतिनिधियों ने दिव्यांगजनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। यह शिविर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें राजस्थान प्रादेशिक एवं नागौर जिला माहेश्वरी युवा संगठन का विशेष सहयोग मिल रहा है। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनके जीवन को सरल बनाना है। उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण मिलने से दिव्यांगजन अपने कार्य स्वयं करने में सक्षम हो पाते हैं, जिससे उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।






