डेगाना. दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार रात को हुए ब्लास्ट के बाद पूरे भारत में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार रात्रि को डेगाना रेलवे जंक्शन पर भी सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया। पुलिस डेगाना, रेलवे पुलिस जीआरपी, आरपीएफ ने मिलकर पूरे स्टेशन परिसर में सघन जांच अभियान चलाया गया। डेगाना पुलिस सीआई हरीश कुमार सांखला, जीआरपी पुलिस प्रभारी पूनाराम ने बताया कि जांच अभियान में ट्रेनों में चेकिंग अभियान चलाया गया। प्लेटफॉर्म, वेटिंग एरिया, टिकट घर, पार्किंग स्थल और सर्कुलेटिंग एरिया में गहन तलाशी ली गई। टीम ने यात्रियों के सामान और स्टेशन परिसर में रखे संदिग्ध बैग या वस्तुओं की भी बारीकी से जांच की। उन्होंने कहा कि यह अभियान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया है। अभियान में पुलिस जवान व अधिकारी शामिल रहे। जिन्होंने विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग टीमों के रूप में जांच की। आरपीएफ और जीआरपी के अलावा राजस्थान पुलिस के जवानों को सिविल ड्रेस में सर्कुलेटिंग एरिया और प्रवेश द्वारों पर तैनात किया गया है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर गुप्त निगरानी रखी जा सके। उन्होंने बताया कि यह अभियान रेल मंत्रालय और रेलवे मुख्यालय के विशेष निर्देशों के तहत चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को किसी भी तरह की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं. यात्रियों को भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस या आरपीएफ को देने की अपील की गई है। वैसे डेगाना पुलिस भी अलर्ट मोड पर काम कर रही है। शहर सहित आसपास के क्षेत्र में कहीं कोई संदिग्धों पर नजर रख रही है। तो वही चेकिंग कर जांच कर रही है।






