डेगाना. क्षेत्र में दहेज प्रथा और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एक सराहनीय पहल सामने आई है। पूर्व सरपंच एवं क्षत्रिय सेवा समिति डेगाना अध्यक्ष डॉ. भंवरसिंह राठौड़ के पुत्र डॉ. भूपेंद्रसिंह राठौड़ का विवाह पूर्ण रूप से दहेज मुक्त सम्पन्न हुआ। बारात डेगाना से जायल पहुंची थी, जहां पर शादी सादगीपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। विवाह समारोह सादगी, समानता और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने वाला रहा। परिवार की ओर से दहेज लेने-देने का पूर्ण बहिष्कार किया गया। साथ ही विवाह में अनावश्यक दिखावे और फिजूलखर्ची से दूरी रखते हुए पारंपरिक रीति-रिवाजों को सरल तरीके से निभाया गया। सभी ने दहेज मुक्त और अन्य अपमानजनक रस्मों को बंद करने की सराहना की।
दुल्हन पक्ष को सम्मान का संदेश:-
डॉ. भंवरसिंह राठौड़ ने बताया कि विवाह में दुल्हन के पिता से दूल्हे के पैर धुलवाने जैसी परंपरा का भी बहिष्कार किया गया। उन्होंने कहा कि विवाह दो परिवारों का सम्मानजनक संबंध है, इसमें किसी भी प्रकार की अपमानजनक रस्म की कोई आवश्यकता नहीं है। समाज में समानता और सम्मान की भावना को बढ़ावा देना समय की मांग है।
क्षेत्र में चर्चा और सराहना:-
इस पहल की डेगाना सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में चर्चा हो रही है। सामाजिक संगठनों और युवाओं ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए अन्य परिवारों से भी दहेज मुक्त विवाह की अपील की है। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षित परिवारों द्वारा इस प्रकार की पहल से समाज में जागरूकता बढ़ेगी।
युवाओं से अपील:-
राठौड़ परिवार ने युवाओं से दहेज मुक्त विवाह का संकल्प लेने की अपील की है। उनका कहना है कि सामाजिक कुरीतियों का अंत कानून से अधिक व्यक्तिगत पहल और जागरूकता से संभव है।
सादगीपूर्ण आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामाजिक बदलाव की शुरुआत स्वयं से की जाए तो परिवर्तन अवश्य संभव है।






