डेगाना.
शहर के वार्ड संख्या 17 में बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर स्थानीय निवासियों ने विधायक अजयसिंह किलक से मुलाकात की। सड़क और नाली निर्माण की मांग को लेकर गुरुवार को वार्डवासियों ने एकजुट होकर विधायक अजय सिंह किलक से मुलाकात की और संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में वार्ड के लोगों ने बताया कि गरवा मार्ग से अवनीश हॉस्पिटल होते हुए रेगरों के मोहल्ले को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क नहीं होने के कारण जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, वहीं नाली के अभाव में गंदा पानी भराव की समस्या बनी रहती है। इससे न केवल आवागमन बाधित होता है, बल्कि क्षेत्र में गंदगी फैलने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। वार्डवासियों ने नगर पालिका से जल्द सड़क व नाली निर्माण करवाने की मांग उठाई, ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस पर विधायक अजय सिंह किलक ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि नगर पालिका के माध्यम से शीघ्र ही सड़क और नाली निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और इस दिशा में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इस दौरान हरिराम, मूलाराम, राधाकिशन, कानाराम, जयराम, राजूराम, दीपाराम, प्रका, कैलाश, पुखराज शर्मा, श्रवणराम, सोहनलाल गर्वा, रामदेव चौहान सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।






