डेगाना.
क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को डेगाना में विधायक जनसेवा केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने, तहसील परिसर के पास आयोजित कार्यक्रम में विधायक अजयसिंह किलक ने फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में एसडीएम मोहन चौधरी, तहसीलदार सतीश कुमार राव, पीडब्ल्यूडी एक्सईएन दौलतराम चौधरी, मंडल सदस्य सुखराम धूण, डॉ. हनुमान जाजूंदा, पुलिस डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल, सीआई हरीश कुमार सांखला, प्रधान जसवंतसिंह थाटा, नरसीराम कटारिया, समाजसेवी भंवरसिंह झगड़वास, पवन पुरोहित, प्रकाश गोदारा, मनोहरसिंह किरड, पवन बिंदा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी इस मौके के साक्षी बने।
आमजन-प्रशासन के बीच मजबूत कड़ी बनेगा केंद्र:-
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अजयसिंह किलक ने कहा कि यह जनसेवा केंद्र आमजन और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि अक्सर लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है। उन्होंने बताया कि अब इस केंद्र के माध्यम से लोगों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं, जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।






