डेगाना में निजी बसों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को निजी बस संचालकों ने हड़ताल कर चक्का जाम किया। डेगाना प्राइवेट बस परिवहन सेवा समिति के आह्वान पर हुई इस हड़ताल के चलते कई प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि उनकी लंबित मांगों को लेकर परिवहन आयुक्त, राजस्थान सरकार को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि जिन वाहनों के पास सभी वैध कागजात और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हों, उन्हें जब्त नहीं किया जाए।
टी.पी. पोर्टल बंद करने पर जताई आपत्ति
बस संचालकों ने बिना पूर्व सूचना के अस्थायी परमिट (टी.पी.) पोर्टल बंद किए जाने पर भी कड़ा विरोध जताया। उनका कहना है कि पोर्टल अचानक बंद होने से संचालन प्रभावित होता है और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ता है।
मुख्य मांगें ये रहीं
समिति ने प्रत्येक मुख्य स्टेशन पर चेकिंग सेंटर स्थापित करने, परमिट शर्तों के उल्लंघन के नाम पर एसआरटी (विशेष रोड टै्स) नहीं लेने, टूरिस्ट व स्टेट बसों के बीच स्पष्ट अंतर बनाए रखने और बसों पर कैरियर व बड़ी डिग्गी की स्वीकृति देने की मांग की है।
साथ ही निजी बसों की फिटनेस व अन्य जांच प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने तथा रोडवेज की तर्ज पर समान दरें लागू करने की भी मांग उठाई गई।
राज्यव्यापी हड़ताल का असर
निजी बस संचालक यूनियन के अध्यक्ष दुर्गा सिंह, कोषाध्यक्ष महावीर सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। राज्यव्यापी हड़ताल के आह्वान का नागौर जिले में व्यापक असर देखने को मिला।
यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
हड़ताल के कारण सुबह से ही बस स्टैंडों पर यात्रियों की भीड़ उमड़ पड़ी। विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को विशेष रूप से परेशानी झेलनी पड़ी। कई यात्रियों को निजी वाहनों या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
निजी बस संचालकों के इस आंदोलन ने प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। अब सभी की नजरें सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।






