डेगाना. सम्वत- 2082 फसल खरीफ में तहसील डेगाना के समस्त ग्रामों को अत्यधिक व अतिवृष्टि व बेमौसम बारिश से प्रभावित होने के कारण अभावग्रस्त घोषित किया गया था। अभावग्रस्त ग्रामों के प्रभावित काश्तकारों की आदान -अनुदान सूचियां पटवारियों द्वारा डीएमआईएस पोर्टल पर दिनांक 8 दिसंबर तक अपलोड की जायेगी। तहसीलदार सतीश कुमार राव ने बताया कि काश्तकार अपने पटवार हल्के के पटवारी से सम्पर्क करके आदान-अनुदान के लिए आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाये। आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, जन-आधार कार्ड, बैंक पास बुक की प्रति, जमाबन्दी नकल एवं सम्वत 2082 की फसल खरीफ गिरदावरी की नकल सम्बन्धित पटवारी को उपलब्ध करवाएं। ताकि, सूची में नाम जोड़ा जा सकें। दस्तावेज के अभाव में प्रभावित काश्तकार का नाम आदान-अनुदान की सूची में नाम नहीं जोड़ा जायेगा। डीएमआईएस पोर्टल 8 दिसंबर को बन्द हो जायेगा, उसके बाद पोर्टल पुनः नहीं खोला जाएगा। आदान-अनुदान सूचियां अपलोड करने का यह अन्तिम अवसर हैं। इसके बाद आदान-अनुदान की सूचियां अपलोड नहीं होगी। पटवार संघ के पदाधिकारी रामकुंवार विश्नोई ने बताया कि तहसील कार्यालय परिसर में राजस्व विभाग की टीमें, पटवारी सहित कर्मचारी अभावग्रस्त गांवों की सूचियां अपलोड करने में जुटे हुए हैं। तो वहीं सभी ग्राम पंचायतों, गांवों में पटवार कार्यालयों में पटवारी सूचियां को अपलोड करने में जुटे हुए हैं। किसानों से ज्यादा से ज्यादा अपील की जाती है कि तुरंत दस्तावेज उपलब्ध करवाएं जिससे उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाला आदान अनुदान समय पर मिलें।






