डेगाना.
विधानसभा क्षेत्र डेगाना में लगातार सियासी भूचाल और आरोप- प्रत्यारोपों के बीच राजनीतिक टकराव अब खुलकर सामने आ गया है। डेगाना विधायक अजयसिंह किलक द्वारा विधानसभा सत्र में पूर्व विधायक विजयपाल मिर्धा पर कथित ‘दरी घोटाले’ के आरोप लगाने के बाद मिर्धा समर्थकों, कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को सैकड़ो की संख्या में समर्थकों, कार्यकर्ता नागौर रोड़ पर स्थित पूर्व विधायक विजयपाल मिर्धा आवास व कार्यालय में एकत्रित हुए। विधायक अजयसिंह किलक के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी डेगाना मोहन चौधरी को संयुक्त हस्ताक्षरित ज्ञापन सौंपा।
द्वेषपूर्ण राजनीति का आरोप:-
ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विधायक अजयसिंह किलक अपनी ही पार्टी के ही पूर्व विधायक विजयपाल मिर्धा के खिलाफ द्वेषपूर्ण राजनीति कर रहे हैं। उनका कहना है कि मिर्धा के कार्यकाल में हुए विकास कार्य क्षेत्र में सर्वविदित हैं, लेकिन, विधायक बिना किसी ठोस तथ्य और आधार के उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पार्टी की छवि को भी नुकसान पहुंच रहा है।
नारेबाजी के साथ निकाला जुलूस:-
सोमवार को मिर्धा समर्थकों ने नागौर रोड स्थित स्थानीय कार्यालय में एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य बाजार से जुलूस निकाला। उपखंड कार्यालय पहुंचे। वहां उपखंड अधिकारी मोहन चौधरी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए विरोध दर्ज कराया।






