डेगाना का एसडीएम कार्यालय खुद बदहाली का शिकार, दूसरों के लिए क्या सुनवाई करेगा परिसर में कचरे का अंबार, वाटर कूलर की जगह कबाड़, टूटी कुर्सियां और गंदा बाथरूम देख भड़के लोग
24 Feb 2026

डेगाना का एसडीएम कार्यालय खुद बदहाली का शिकार, दूसरों के लिए क्या सुनवाई करेगा

डेगाना. जहां से पूरे क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी और साफ-सफाई के निर्देश जारी होते हैं, वही एसडीएम कार्यालय इन दिनों खुद अव्यवस्थाओं की तस्वीर पेश कर रहा है। कार्यालय परिसर में गंदगी, कबाड़ और मूलभूत सुविधाओं की कमी से आमजन परेशान हैं। लोगों का कहना है कि पिछले दो महीनों से हालात जस के तस बने हुए हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।

प्रवेश द्वार से ही दिखने लगती है गंदगी:- 

एसडीएम कार्यालय परिसर में प्रवेश करते ही जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आते हैं। भवन के आसपास प्लास्टिक, पुराने कागज, टूटे फर्नीचर और अन्य कबाड़ फैला पड़ा है। प्रशासनिक कार्यालय होने के बावजूद नियमित सफाई का अभाव साफ दिखाई देता है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी लोग अपनी समस्याएं लेकर आते हैं, लेकिन उन्हें साफ-सुथरे वातावरण के बजाय अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है।

वाटर कूलर की जगह पड़ा पुराना कबाड़:- 

कार्यालय में आमजन के लिए लगाए गए वाटर कूलर की निर्धारित जगह पर पुराना कबाड़ रखा हुआ है। गर्मी का मौसम नजदीक है, ऐसे में पेयजल की व्यवस्था बेहद जरूरी है। लेकिन वाटर कूलर का उपयोग न हो पाना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोग पानी की सुविधा से भी वंचित रह सकते हैं।

डेगाना का एसडीएम कार्यालय खुद बदहाली का शिकार, दूसरों के लिए क्या सुनवाई करेगा

बैठने की व्यवस्था बदहाल, बुजुर्ग परेशान:-

कार्यालय में आने वाले लोगों के बैठने के लिए जो कुर्सियां लगाई गई हैं, वे भी जर्जर अवस्था में हैं। कई कुर्सियां टूटी हुई हैं, कुछ की हालत ऐसी है कि उन पर बैठना तक मुश्किल है। मजबूरी में लोगों को घंटों खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह स्थिति और भी कठिन हो जाती है।

बाथरूम में गंदगी और बदबू

कार्यालय का बाथरूम भी लंबे समय से सफाई का इंतजार कर रहा है। अंदर गंदगी और बदबू के कारण कर्मचारियों और आमजन दोनों को असुविधा झेलनी पड़ रही है। स्वच्छता को लेकर सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियानों के बीच प्रशासनिक कार्यालय की ऐसी स्थिति सवाल खड़े करती है।

दो माह से नहीं हुआ सुधार

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो महीनों से इन समस्याओं को लेकर मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में डेगाना के एसडीएम मोहन चौधरी पदस्थ हैं। लोगों का आरोप है कि कार्यालय की आंतरिक व्यवस्थाओं की अनदेखी की जा रही है, जिससे आमजन में नाराजगी बढ़ रही है।

लोगों ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि एसडीएम कार्यालय की साफ-सफाई तत्काल करवाई जाए, वाटर कूलर को सुचारू किया जाए, टूटी कुर्सियों को बदला जाए और बाथरूम की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि जिस कार्यालय से पूरे क्षेत्र की व्यवस्था संभाली जाती है, वहां ही यदि अव्यवस्था रहेगी तो जनता का विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर कब ध्यान देते हैं और एसडीएम कार्यालय की बदहाल व्यवस्था कब सुधरती है।