डेगाना.
नागौर जिला स्तरीय कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिले के बड़े सामाजिक एवं पब्लिक वेलफेयर क्षेत्र में काम कर रहे स्वयंसेवी संगठनों, समाजसेवियों बड़े उद्योग कंपनियों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों व जिला प्रशासन तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के बीच क्षय रोगियों को नियमित पोषण को लेकर विचार मंथन एवं कार्यक्रम आयोजित हुआ। निक्षय मित्रों के रूप में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जिला स्तरीय मल्टी सेक्टोरल बैठक में उन संस्थानों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया, जो वर्तमान में निक्षय मित्र बनकर क्षय रोगियों को पोषण किट मुहैया करवा रहे हैं। जिला परिषद सीईओ रविन्द्र कुमार चौधरी, सीएमएचओ नागौर डॉ. जुगल किशोर सैनी, एनटीईपी कंसलटैंट संघमित्रा व जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी डॉ. श्रवण राव ने टीबी मुक्त भारत अभियान में निक्षय मित्र की भूमिका में सहयोग देने वालों में डेगाना के समाजसेवी सुनील तोषनीवाल व हेल्थ सुपरवाइजर कैलाश डूकिया को निक्षय मित्र के रूप में प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से सुधांश खत्री, एनटीईपी प्रोग्राम के डीपीसी नरेन्द्रसिंह, डीआरटीबी कॉर्डिनेटर सुनील हर्ष, लेखाकार वेणुगोपाल, डीईओ ओमवीर सिंह, हेमाराम चौधरी मौजूद रहे। डेगाना में भी चिकित्सा विभाग एवं लोगों ने जिला स्तर पर कार्यक्रम में दोनों को सम्मानित होने पर स्वागत- सम्मान किया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले डेगाना के समाजसेवी सुनील तोषनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे सामूहिक प्रयासों से ही पूरा किया जा सकता है।






