किसान की बेटी नव्या कारेल ने साइंस में 99 प्रतिशत अंक लाकर गांव की प्रतिभा को किया साबित जीसीआई डेगाना की प्रतिभा का किया सम्मान, डेगाना ही नहीं नागौर जिले में भी टॉप रही
31 Mar 2026

किसान की बेटी नव्या कारेल ने साइंस में 99 प्रतिशत अंक लाकर गांव की प्रतिभा को किया साबित

डेगाना.                       जीसीआई गुरुकुल उच्च माध्यमिक विद्यालय डेगाना की प्रतिभाशाली छात्रा नव्या कारेल ने 12 वीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान संकाय में 99 प्रतिशत अंक हासिल कर न केवल गांव, डेगाना, नागौर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। नव्या की इस शानदार सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। डेगाना उपखण्ड क्षेत्र के ग्राम पालियास के गरीब किसान परिवार से आने वाली नव्या ने अपनी कड़ी मेहनत और गुरुजनों के मार्गदर्शन से यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता अशोक करेल किसान हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद नव्या ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। जीसीआई डेगाना की छात्रा नव्या ने विज्ञान वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए केमेस्ट्री व अंग्रेजी में 100-100 अंक, फिजिक्स व गणित में 99-99 तथा हिंदी में 97 अंक प्राप्त कर कुल 500 में से 495 अंक अर्जित किए। इससे पहले भी वह 10 वीं कक्षा में 97.83 प्रतिशत अंक हासिल कर चुकी हैं। नव्या ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के गुरुजनों, संस्था प्रधान हनुमान गंवालिया के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने बताया कि उनका लक्ष्य आगे चलकर आईएएस बनना है, ताकि वे अपने पिता का नाम रोशन कर सकें और समाज में एक अलग पहचान बना सकें। विद्यालय के संस्था प्रधान हनुमान गंवालिया ने बताया कि नव्या की मेहनत, अनुशासन और समर्पण ही उनकी सफलता की कुंजी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्कूल का परिणाम भी उत्कृष्ट रहा। सुनील लाड ने 91.40 प्रतिशत और योगेश कुमार ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बेहतरीन प्रदर्शन किया। कुल 80 विद्यार्थियों में से 65 ने प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की, जबकि 15 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। शानदार परिणाम के बाद विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल है और प्रबंधन व स्टाफ ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।