डेगाना.
क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बवरला के पूर्व छात्र सुनिल भुवाल का चयन भोपाल (मध्यप्रदेश) में आयोजित होने वाली ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी वुडबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है। राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत संरक्षक सुरेश कुमार डूडी ने बताया कि सुनिल भुवाल वर्तमान में पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से बीपीएड प्रथम वर्ष के विद्यार्थी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। सुनिल के चयन से विद्यालय के विद्यार्थियों में भी खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है।
खेल प्रतिभा से बढ़ाया क्षेत्र का मान:-
विद्यालय के प्रधानाचार्य शिवराज बेरा ने कहा कि सुनिल भुवाल शुरू से ही खेलों में प्रतिभाशाली रहे हैं। उन्होंने विद्यालय स्तर से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में चयन होना बड़ी उपलब्धि है, जिससे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। इस अवसर पर गिरवरचंद जांगिड़, श्रीकिशन खटकड़, सुशील कुमार स्वर्णकार, हरेंद्र कुमार बेरा, रामेश्वरलाल डीडेल, सीताराम ओलण, बनवारी लाल पारीक, जगदीश प्रसाद जाखड़, मंगलाराम सेन, शिवराज भुवाल, परसा राम जाखड़, शारीरिक शिक्षक नटवर सिंह शेखावत, किरण देवी, कनिष्ठ सहायक राजेंद्र जाखड़, भंवराराम महिया सहित समस्त विद्यालय परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए सुनिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि सुनिल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।






