डेगाना.
आगामी 28 फरवरी को अजमेर में आयोजित होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए नागौर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मंडल कार्यकारिणी सदस्यों और कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए नागौर विधानसभा प्रभारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेता शिवजी देशवाल डेगाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अजमेर में होने वाली रैली प्रदेश की ऐतिहासिक रैलियों में शामिल होगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने क्षेत्र से अधिकतम संख्या में लोगों को अजमेर लेकर पहुंचे और रैली को अभूतपूर्व सफलता दिलाएं। देशवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को जन-जन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचानी चाहिए और रैली में भाग लेकर संगठन की ताकत का प्रदर्शन करना चाहिए। बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष रामनिवास सांखला, रमेश अपूर्वा, पदम सारस्वत, रामचंद्र धुंधवाल, लक्ष्मण डेलू, नंदकिशोर जांगिड़, मंगनीराम सांखला, अरविंद जाजड़ा, मनीष काला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने रैली को सफल बनाने के लिए पूर्ण ताकत झोंकने का संकल्प लिया। बैठक के अंत में कार्यकर्ताओं को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई तथा क्षेत्रवार संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।






